खेकड़ा। कस्बे के छोटा बाजार निवासी महिला मंजू बुधवार की सुबह कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसका पति प्रवीण कुमार दिल्ली में नौकरी करता है। 2019 में काठा गांव निवासी एक युवक उनके घर आया और उन्हें रेडीमेड कपड़ों की सिलाई कराने का बिजनेस बताकर प्रतिमाह अच्छी आमदनी होने के सपने दिखाए। आरोपी ने सिलाई मशीन खरीदने के नाम पर उससे तीन बार में 1.60 लाख रुपये ठग लिए। उसने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने अभद्रता करने के साथ ही उसका अपहरण और उसके पति की दिल्ली में ही हत्या करा देने की धमकी दे डाली। इससे पीड़िता का परिवार दहशत में है। पीड़िता ने कार्रवाई की मांग की। पुलिस क्षेत्राधिकारी युवराज सिंह का कहना है कि मामले को गंभीरता से लेकर जांच कराई जाएगी। जांच के बाद दोषी मिलने पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।