सरायमीर। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरीदाबाद पेट्रोल पंप के पास 28 अक्टूबर की रात पिकअप की चपेट में आकर बाइक सवार दो युवक घायल हो गए थे। इलाज के दौरान एक युवक की शनिवार की देर रात मौत हो गई। परिजनों ने रविवार को दिन में शव को दफन कर दिया।
सरायमीर थाना क्षेत्र के खंडवारी गांव निवासी मो. कैफ (22) पुत्र शकील अहमद व मो. अनस (24) पुत्र तबरेज बीते 28 अक्टूबर को बाइक से कहीं जा रहे थे। अभी वे निजामबाद थाना अंतर्गत फरीदाबाद पेट्रोप पंप के पास पहुंचे थे कि अनियंत्रित पिकअप ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए जिला मुख्यालय स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान शनिवार की देर रात मो. कैफ की मौत हो गई। परिजन शव लेकर घर चले आए और रविवार को दिन में शव को गांव के कब्रिस्तान में दफन कर दिया। मृतक छह बहन व चार भाई में चौथे नंबर पर था। परिवार के साथ वह मुंबई रहता था। दीपावली की छुट्टी होने पर 23 अक्तूबर को वह घर आया था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। वहीं दूसरे घायल अनस का अभी इलाज चल रहा है।