थाना क्षेत्र के बसहिया गांव में हुई मारपीट में घायल युवक की रविवार की देर रात मौत हो गई। मौत से क्षुब्ध परिजनों ने सोमवार को शव गांव के पास मुख्य मार्ग पर रख कर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा बुझा कर जाम समाप्त करवाया। पुलिस ने चार के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
बसहिया गांव में 29 जुलाई को रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई थी। इसमें अरूण कुमार 42 घायल हो गया था। जिसका अब तक इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान रविवार की देर रात युवक की मौत हो गई। शव घर पहुंचने पर परिजन आक्रोशित हो उठे और शव को मुख्य मार्ग पर रख कर चक्काजाम कर दिया। सूचना पर अतरौलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। परिजन हमलवार पक्ष का लाइसेंसी शस्त्र निरस्त करने की मांग कर रहे थे। पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत करने के साथ ही तीन को गिरफ्तार कर लिया।
जाम स्थल पर सीओ महेंद्र शुक्ला, तहसीलदार अभिषेक सिंह भी पहुंचे। सीओ के आश्वासन पर परिजनों ने जाम समाप्त किया। वहीं तहसीलदार ने रास्ते के विवाद का जल्द निपटारा कराने का आश्वासन दिया। एसओ ने बताया कि चार के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।