आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के छत्तरपुर खुशहाल गांव के मोड़ पर 12 मई को बाइकों के बीच टक्कर में एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसकी इलाज के दौरान रविवार की रात मौत हो गई। छत्तरपुर खुशहाल गांव निवासी संजय यादव (40) पुत्र चंद्रिका यादव 12 मई की रात बाइक से कहीं जा रहे थे। अभी वह गांव के मोड़ पर ही पहुंचे थे कि जीयनपुर की तरफ से आ रही दूसरी बाइक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। इस हदासे में संजय गंभीर रूप से घायल हो गए। उसे आनन-फानन में इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख उसे वाराणसी रेफर कर दिया। वाराणसी में इलाज के दौरान रविवार की रात साढ़े आठ बजे उसकी मौत हो गई। रविवार की देर रात परिजन वाराणसी से शव लेकर घर पहुंचे और सोमवार की सुबह जीयनपुर कोतवाली पुलिस को घटना से अवगत कराया। जिस पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक दो भाइयों में सबसे बड़े थे और ट्रक चला कर परिवार का भरण पोषण करता था। वह दो पुत्र व एक पुत्री का पिता थे।