जहानागंज थाना के गोधौरा गांव निवासी एक व्यक्ति की रविवार की शाम संदिग्धावस्था में मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की दूसरी पत्नी ने थाने पर तहरीर दिया है तो वहीं पोस्टमार्टम हाऊस पर पहुंचे मृतक के भाई ने हत्या की आशंका जताया है। पुलिस को दी तहरीर में मृतक की पत्नी पूनम ने बताया कि उसके पति मंगल (42) पुत्र विक्रम रविवार को दिन में शराब के नशे में कहीं से घर आए और कमरे में जा कर सो गए। इस दौरान उनके मामा का लड़का गुड्डू अपने एक दोस्त के साथ आया। जिसे उन्होंने डांट फटकार कर भगा दिया। उस समय वह घर का काम कर रही थी और नहाने धोने के बाद जब वह घर में पहुंची तो वह बिस्तर से औधे मुंह गिरे पड़े थे। पास जा कर देखने पर ज्ञात हुआ कि वे मृत हो चुके है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पहली पत्नी का कुछ सालों पूर्व निधन हो गया था। उससे कोई बच्चा नहीं था। छह माह पूर्व ही मृतक ने पूनम से विवाह किया था। सोमवार को पोस्टमार्टम हाऊस पर पहुंचे मृतक के भाई लक्ष्मी नरायन ने हत्या की आशंका जताया और कहा कि घटना के समय घर में पत्नी पूनम के अलावा उसके साडू भी मौजूद थे। इतना ही नहीं सिर व शरीर पर चोट के निशान थे। कान से ब्लड आ रहा है। इस बाबत पूछे जाने पर एसएचओ जहानागंज ने कहा कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कह पाना संभव है। रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।