लालगंज। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के मिर्जापुर देवगांव (पूर्वा पर) गांव के पास बृहस्पतिवार की दोपहर नीचे लटक रहे हाईटेंशन तार की चपेट में युवक धीरेंद्र (25) आ गया। उसे परिवार के लोग आनन-फानन में सौ शैया अस्पताल लालगंज ले गए। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन उसे लेकर जौनपुर गए वहां भी चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इस घटना से मृतक के घर कोहराम मचा हुआ है। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के बघरवां उर्फ मोलनापुर गांव निवासी धीरेंद्र (25) पुत्र लालजी चौहान मेहनाजपुर रोड पर स्थित एल्युमीनियम दुकान का संचालन करता है। बृहस्पतिवार की दोपहर धीरेंद्र बसही इकबालपुर गांव निवासी अपने कारीगर अतीश कुमार के साथ एक ग्राहक का बनाया गया दरवाजा उसके घर पहुंचाने के लिए बाइक से लेकर निकला था। वह मिर्जापुर देवगांव (पूर्वा पर) नीचे लटक रहे हाईटेंशन करंट की चपेट में आ गया। आनन-फानन में उसे सौ शैया अस्पताल लालगंज ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग के लोगों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए इसे अविलंब दुरुस्त कराए जाने की मांग की है। ताकि और हादसे न हो पाएं।