आजमगढ़। सिविल लाइन चौराहे पर स्थित पेट्रोलपंप के शौचालय में सोमवार की सुबह युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। हालांकि अभी तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। शहर कोतवाली पुलिस शिनाख्त में जुटी हुई है।
सिविल लाइन स्थित घंटा घर चौराहे पर एक पेट्रोल पंप है। पेट्रोलपंप के संचालक अजीत सिंह द्वारा वहां के लोगों के लिए शौचालय बनाया गया है। सोमवार की सुबह करीब 9.30 बजे एक 27 वर्षीय युवक पेट्रोल पंप पर पहुंचा और शौच करने के लिए शौचालय में चला गया। काफी समय बीतने के बाद जब वह नहीं निकला तो पेट्रोल पंप पर तैनात कर्मचारी शौच के लिए गए तो दरवाजा अंदर से बंद था। उसने इसकी जानकारी वहां मौजूद लोगों को दी। सभी लोग शौचालय का दरवाजा खटखटाए तो जवाब नहीं आया। किसी अनहोनी की आशंका को लेकर इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची शहर कोतवाली पुलिस ने भी आवाज लगाई लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। पुलिस की मौजूदगी में दरवाजे को काटा गया तो उसके अंदर युवक का शव मिला। युवक टी-शर्ट व लोवर पहने हुए था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शहर कोतवाल शशिचंद ने बताया कि शव की शिनाख्त का प्रयास जारी है।