निजामाबाद थाना क्षेत्र के शेखपुर दाउद गांव में बृहस्पतिवार की देर रात मनबढ़ युवक ने ईंट-पत्थर मारकर वृद्ध की हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर रात आरोपी युवक और उसके पिता को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस पूछताछ कर रही है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त ईंट बरामद कर ली है।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव निवासी छट्ठू राम 70 को उसके पट्टीदार दिनेश 28 ने रात 11 बजे ईंट-पत्थर से हमला कर घायल कर दिया। हमले में छट्ठू को गंभीर चोटें आईं, जब तक लोग उसे उपचार के लिए ले जाते, उसकी मौत हो गई। वृद्ध की मौत के बाद युवक मौके से फरार हो गया।छट्ठू की पांच बेटियां हैं। ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी युवक का गांव में किसी से विवाद हुआ था। वहां से लौटने के बाद उसने घटना को अंजाम दिया। मालूम हो कि फरवरी में आरोपी युवक दिनेश राम ने छट्ठू के घर में चोरी की थी। इसी बात को लेकर दोनों परिवार में रंजिश चली आ रही थी।
पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष और सीओ सदर को मौके पर भेजा गया। आरोपी को हिरासत में लेेकर पूछताछ की जा रही है। हत्या में प्रयुक्त ईंट बरामद की गई है। बताया कि पूर्व में भी इन लोगों के बीच झगड़े होते रहे हैं, जिसका मुकदमा भी दर्ज है। बृहस्पतिवार की रात आरोपी शराब पीकर पहुंचा और वृद्ध से उसका झगड़ा हो गया। झगड़े के कुछ घंटे बाद उक्त आरोपी ने घटना को अंजाम दिया।