ठेकमा। ठेकमा विकास खंड के बरदह गांव के नव निर्वाचित ग्राम प्रधान अच्छेलाल बुधवार को जिंदगी की जंग हार गए। वह कोरोना से संक्रमित थे। उनका इलाज वाराणसी के निजी अस्पताल में चल रहा था। कोरोना का बढ़ता संक्रमण लोगों जान लेता जा रहा है। दो दिन पूर्व ही ग्राम प्रधान बनने का प्रमाण पत्र लेने वाले एक युवा को कोरोना ने खुशी मनाने का मौका भी नहीं दिया। अस्पताल में उपचार के दौरान उक्त युवा नव निर्वाचत ग्राम प्रधान का निधन हो गया। दो मई को हुई मतगणना में अच्छेलाल को विजयी घोषित करते हुए जीत का प्रमाण पत्र दिया गया। प्रमाण पत्र लेने के साथ ही अच्छेलाल की तबियत खराब हो गई। उसे उपचार के लिए जौनपुर ले जाया गया जहां कोरोना की पुष्टि होने और हालत खराब देख चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया। वाराणसी में उपचार के दौरान अच्छेलाल की मौत हो गई। अच्छेलाल दो भाइयों में छोटा था। उसके एक लड़का और दो लड़की हैं। सूचना मिलने पर खंड विकास अधिकारी अमजद अली, परमानंद पांडेय, नागेंद्र प्रताप, संजय श्रीवास्तव, एडीओ पंचायत मिथलेश आदि ने शोक संवेदना व्यक्त किया।