आजमगढ़। ग्रामीण इलाकों की महिलाओं को सशक्त बनाने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की ओर योगी सरकार अग्रसर है। ग्रामीण इलाकों में बिजली का बिल जमा करने वाली एजेंट दीदी अब मीटर रीडर का कार्य करती नजर आएंगी। इसके लिए उन्हें विद्युत विभाग की ओर से प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है। इस योजना के तहत जनपद में अब तक स्वयं सहायता समूह की 147 महिलाओं द्वारा विद्युत बिलों की वसूली का कार्य किया जाता है। इनके द्वारा अब 5670 बिलों का कुल 4958900 रुपये की वसूली की गई है। इस वसूली पर अब तक उन्हें कुल 83850 रुपये का कमीशन विद्युत विभाग की ओर से प्रदान किया जा चुका है। सरकार की ओर से बिजली बिल की वसूली करने में लगी इन महिलाओं से मीटर रीडिंग का कार्य कराने का निर्देश भी दिया जा चुका है। जिसके लिए इन महिलाओं को प्रति मीटर की रीडिंग पर 5.50 पैसे प्रदान किए जाएंगे। इस योजना के तहत स्वयं सहायता समूह की इन महिलाओं को विद्युत विभाग की ओर से मीटर रीडिंग का कार्य करने के लिए प्रशिक्षित भी किया जा चुका है। मीटर रीडिंग और बिल की वसूली पर मिल रहे आकर्षक कमीशन को देखते हुए यह महिलाएं भी पूरे जोशोखरोश के साथ इस कार्य को करने में जुटी हुई हैं। इसके जरिए सरकार का प्रयास है कि समूह की महिलाओं को सशक्त और आत्म निर्भर बनाया जाए।