महिलाओं एवं सामाजिक रूप से कमजोर वर्ग के आर्थिक उत्थान में स्वयं सहायता समूह महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। स्वयं सहायता समूह के माध्यम से महिलाएं सशक्त होकर अपने परिवार के आर्थिक उन्नति का आधार बन रहीं हैं। उक्त बातें जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने सोमवार को नेहरू हाॅल में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत जनपद के ग्रामीण क्षेत्र के बैंक शाखा प्रबंधकों का सूक्ष्म वित्त एवं वित्तीय समावेशन विषयक एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला में कहीं। परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी ने कार्यशाला में उपस्थित बैंक शाखा प्रबंधकों से समूह की महिलाओं को ऋण प्रदान करने की अपेक्षा की। कार्यशाला में राष्ट्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज संस्थान हैदराबाद से नेशनल रिसोर्स पर्सन के रूप में शुभांकर झां एवं जितेंद्र यादव ने हिस्सा लिया। कहा कि वर्तमान समय में जनपद में 18500 से अधिक स्वयं सहायता समूह संचालित है, जिन्हें ऋण प्रदान किया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2022-23 में समूह को ऋण प्रदान करने के क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले बैंक शाखा प्रबंधक, ब्लाक मिशन प्रबंधक एवं बैंक सखी मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। संचालन जिला मिशन प्रबंधक योगेश कुमार पांडेय ने किया। इस दौरान जिला मिशन प्रबंधक, सच्चिदानंद सिंह, रूद्र प्रताप सिंह, विवेकानंद गौतम आदि उपस्थित रहे।