जमीन संबंधी विवाद की शिकायत लेकर सोमवार को तहसील परिसर पहुंची 70 वर्षीय महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई। महिला परिसर में ही गिर पड़ी।
तहसीलदार और न्यायिक तहसीलदार उसे अपनी सरकारी गाड़ी से सौ शय्या अस्पताल लालगंज ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मौत की सूचना के बाद एसडीएम नेहा मिश्रा अस्पताल पहुंचीं और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान चार डॉक्टर अनुपस्थित मिले।
भगवानपुर गांव निवासी सुमित्रा मौर्या (70) पत्नी रामप्रसाद मौर्या का अपने पट्टीदार से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी मामले में प्रार्थना पत्र देने वह सोमवार को लालगंज तहसील पहुंची थीं। महिला के गिरने की जानकारी मिलते ही तहसीलदार शिवप्रकाश सरोज और न्यायिक तहसीलदार विवेकानंद दूबे मौके पर पहुंचे और अस्पताल पहुंचाया।