मेंहनगर। मेंहनगर के विषहम गांव निवासी परविंद कुमार की 32 वर्षीय पत्नी प्रेमशिला की इलाज के दाैरान माैत हो गई। सुसराल वाले बिना मायके वालों को सूचना दिए अंतिम संस्कार करने जा रहे थे। मृत महिला की पिता ने थाने पहुंच कर बेटी की हत्या का आरोप लगाया। पांच अक्तूबर को प्रेमशिला की अचानक तबीयत खराब हो गई। पति निजी अस्पताल में उपचार कराकर घर वापस आ रहा थे कि रास्ते में ही मौत हो गई। मायके को बिना सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार करने जा रहे थे कि मायके पक्ष के लोग भी पहुंच गए और ससुराल वालों पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
तहबरपुर थाना क्षेत्र के दाशुपट्टी गांव निवासी जदुराई ने थाने में तहरीर दी है। उनकी बेटी की शादी 12 वर्ष पहले मेंहनगर के विषहम गांव निवासी परविंद कुमार से हुई थी। उनकी कोई संतान नहीं थी। ससुराल वालों द्वारा प्रताड़ित किया जाता था। आरोप लगाया कि उनकी बेटी की मौत हुई तो ससुराल वालों ने कोई सूचना नहीं दी। उन्हें सूचना दिए बिना ही अंतिम संस्कार करने जा रहे थे। उन्हें कहीं से जानकारी मिली कि बेटी की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंच कर अंतिम संस्कार की तैयारी को रोक दिए और पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष मेंहनगर अनुराग कुमार ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।