आजमगढ़। विभागीय कार्य में लापरवाही बरतने वाले सिकंदरपुर उपकेंद्र के जेई हरि प्रताप प्रजापति को मुख्य अभियंता आजमगढ़ मंडल के अनुमोदन पर अधीक्षण अभियंता ने निलंबित कर दिया। इसके साथ ही अधिशासी अभियंता बासडीह को कारण बताओ नोटिस, एसडीओ और सहायक लिपिक को आरोप पत्र जारी किया गया है। मुख्य अभियंता रामबाबू ने बताया कि कठौरा निवासी गुंजन देवी ने छह जून को 25 केवीए का ट्रांसफॉर्मर खराब होने के संबंध में 1912 पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई थी। उपकेंद्र सिकंदरपुर में तैनात जेई हरि प्रताप प्रजापति ने खराब ट्रांसफॉर्मर का स्थलीय निरीक्षण किए बिना ही शिकायत को पोर्टल पर क्लोज कर दिया। जेई ने मई महीने में आठ पीआर (पर्चेज रिक्यूटेशन) एक दिन, सात पीआर दो दिन, चार पीआर तीन दिन और दो पीआर पांच दिन विलंब से जेनरेट किया है। जेई अपने क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति करने में विफल थे। उपकेंद्र सिकंदरपुर पर तैनात एसडीओ अजय सरोज और सहायक लिपिक संजय यादव के खिलाफ आरोप पत्र जारी किया गया है। निलंबन के बाद जेई को अधिशासी अभियंता बैरिया कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।