आजमगढ़। सीओ सिटी राजेश तिवारी के नेतृत्व में सिधारी थाना पुलिस ने रविवार की देर रात 10.30 मुठभेड़ स्टाइल में हाईडिल चौराहे पर शराब लदे चार टैंकर पकड़े। थाने पर घंटो पूछताछ के बाद आधी रात को टैंकरों को डिस्टलरी का बताते हुए उन्हें छोड़ दिया गया। इस दौरान कवरेज को पहुंचे एक मीडियाकर्मी पर सीओ सिटी भड़क उठे और दुर्व्यवहार किया। आबाकारी विभाग की टीम को रविवार को कहीं से सूचना मिली कि चार टैंकरों में अवैध शराब कहीं जा रही है। सूचना पर रात साढ़े दस बजे सीओ सिटी राजेश तिवारी के नेतृतव में भारी फोर्स हाईडिल चौराहे पर पहुंच गई। मुठभेड़ वाली स्टाइल में पुलिस ने चौराहे पर चारों टैंकरों को दौड़ा-दौड़ा कर पकड़ा। घेराबंदी ऐसी की गई थी कि टैंकरों पर सवार कोई भी व्यक्ति उतर कर भागने नहीं पाए। चारों टैंकरों को सिधारी थाने लाया गया। चालकों से पूछताछ के साथ कागजात देखे गए। सूचना पर एक मीडियाकर्मी भी पहुंच गया। वीडियोग्राफी करने लगा। यह कवायद सीओ को बुरी लगी और उन्होंने मीडियाकर्मी से अभद्रता करते हुए अपशब्दों को प्रयोग किया और थाने पर बैठाने की धमकी दी। टैंकरों को छोड़ने के बाद मीडियाकर्मी को भी छोड़ दिया गया। सूचना मिलने पर शराब भरे टैंकरों को रोका गया था। बाद में पता चला कि टैंकर डिस्टलरी के है और बलरामपुर से नंदगंज जा रहे तो उन्हें छोड़ दिया गया। मीडियाकर्मी से दुर्व्यवहार नहीं किया सिर्फ उससे आईकार्ड मांगा था। उसके यह बताने पर कि वह नहीं पिता जी मीडिया में हैं उसे फटकार कर छोड़ दिया गया।
राजेश तिवारी, सीओ सिटी, आजमगढ़।