आजमगढ़। दहेज के लिए प्रताड़ित करने के बाद विवाहिता जब बेटी के साथ मायके गई तो पति ने दूसरी शादी कर ली। जब वह पति के पास गई तो उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। पहली पत्नी के पिता ने जीयनपुर कोतवाली में शनिवार को दामाद व परिवार के अन्य लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना व मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया। तहरीर में बताया कि दामाद ने पहली पत्नी के रहते दूसरा निकाह कर लिया है और बेटी को साथ रखने से मना कर दिया है। रौनापार थाना क्षेत्र के जमीन रसूलपुर गांव निवासी फजलुर्रहमान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बेटी का निकाह 14 सितंबर 2019 को जीयनपुर कोतवाली के अहिरौली निवासी मो. दानिश के साथ किया था। शादी के बाद दानिश रोजीरोटी के लिए मुंबई चला गया। इस बीच दंपती बच्ची के माता पिता बने। इसके बाद ससुराल वाले बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। ससुराल में प्रताड़ना से परेशान बेटी ने आपबीती बताई। मौके पर पहुंच कर परिजनों को समझाया भी गया लेकिन कुछ नहीं हुआ। इसके बाद उसकी बेटी अपनी नवजात बेटी के साथ मायके चली आई। इस बीच दानिश ने रौनापार के करमैनी निवासिनी सुमैया से दूसरी शादी कर ली। उसे लेकर मुंबई में रहने लगा। जानकारी होने पर बेटी मुसर्रत मामा के साथ मुंबई पहुंची तो दानिश व उसकी दूसरी पत्नी ने उस पर हमला कर दिए। मामला थाने पहुंचा, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। फजलुर्रहमान की तहरीर पर पुलिस ने दानिश, सुमैया, तनवरी अहमद, आरजू व मो. आरिफ के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।