आजमगढ़। साथी अधिवक्ता की जमीन कब्जा होने की विरोध में दीवानी कचहरी के अधिवक्ता बुधवार को पूरे दिन न्यायिक कार्य से विरत रहे। नाराज अधिवक्ताओं ने 20 मिनट तक गिरजाघर चौराहे पर चक्का जाम भी किया। दीवानी न्यायालय अभिभाषक संघ की साधारण सभा की आपात बैठक हुई। अध्यक्षता संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सैफ उमर खान ने तथा संचालन संघ के मंत्री आनंद श्रीवास्तव ने की। बैठक में अधिवक्ता गोविंद चौहान की जमीन को विरोधियों द्वारा कब्जा किए जाने तथा इस प्रकरण में थानाध्यक्ष मेंहनगर की संदिग्ध भूमिका की कड़ी निंदा की गई। उसी समय एसपी हेमराज मीणा वहां से गुजर रहे थे। वकीलों को सड़क पर देखकर एसपी कार से उतरे। आनंद श्रीवास्तव तथा सैफ उमर खान से बातचीत की और प्रकरण में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। आश्वासन पर सभी अधिवक्ता दीवानी न्यायालय परिसर में चले गए। चक्काजाम समाप्त कर दिया।