फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Azamgarh News: बिना कनेक्शन की जा रही जलापूर्ति

विज्ञापन
विज्ञापन
आजमगढ़। विद्युत विभाग के नोटिस जारी किए जाने के बाद भी नगर पालिका ने अभी तक विभिन्न जगहों पर जलापूर्ति के लिए लगाए गए पंपों का कनेक्शन ही नहीं लिया। जबकि जून में ही विद्युत विभाग ने सभी पंपों के कनेक्शन के लिए इस्टीमेट भेज दिया था। विभाग अब ऐसे पंपों की बिजली काटने की कार्रवाई करेगा। नगर क्षेत्र में पानी आपूर्ति के लिए नगर पालिका ने 17 नए पंप लगाए हैं। पंप लगाने के बाद नगर पालिका ने विभिन्न वार्डों में जलापूर्ति तो शुरू कर दी लेकिन पंपों का बिजली विभाग से कनेक्शन लेना भूल गया। कई स्थानों पर आज भी बिना कनेक्शन के पंप चलाए जा रहे हैं। विभाग की चेकिंग के दौरान पता चला कि यह सभी पंप बिना कनेक्शन के ही चल रहे थे। इन पंपों का कनेक्शन देने व ट्रांसफार्मर, मीटर लगाए जाने के लिए विभाग ने जून में 18.16 लाख का इस्टीमेट बनाकर नगर पालिका को भेजा था। इस्टीमेट भेजे जाने के चार माह बाद भी नपा ने इस्टीमेट का बजट विभाग को नहीं भेजा। नवंबर माह में विद्युत विभाग ने पुन. नगर पालिका को नोटिस जारी कर एक सप्ताह का समय दिया था। लेकिन नपा प्रशासन लापरवाह बना रहा। अब विभाग इनका कनेक्शन काटने की तैयारी कर रहा है। शहर के मातबरगंज मंदिर के पास, शारदा टाकिज बंधे के पास, मातबरगंज बंधे के पास, निस्वां स्कूल के पास पहाड़पुर, एलवल पुलिस चौकी परिसर में, रिशु के आवास के पास कुर्मी टोला, मिशन कंपाउंड मड़या में पंप लगाया गया है। वहीं महेंद्र गुप्ता आवास के पास ब्रह्मस्थान हीरापट्टी, मस्जिद के समीप गुरूटोला, हरिजन बस्ती फराशटोला, फरासटोला चौक, स्वीपर बस्ती के समीप बाजबहादुर, सोनकर बस्ती पांडेय बाजार, अखाड़ा मंदिर पहाड़पुर, डॉ बनर्जी क्लिनिक के पास आसिफगंज, जय प्रकाश के आवास के पास काली चौरा रैदोपुर व इंटर नेशनल पब्लिक स्कूल के समीप एलवल में नगर पालिका द्वारा जलापूर्ति के लिए पंप लगाया गया है। अधिशासी अभियंता प्रथम एके सिंह ने बताया कि पंपों का कनेक्शन लेने व ट्रांसफार्मर, मीटर लगाने के लिए नपा को 18.16 लाख का इस्टीमेट भेजा गया था। लेकिन अभी तक नपा ने इस्टीमेट का बजट जमा नहीं किया गया। अब बिजली काटने की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें