जहानागंज। नगर पंचायत जहानागंज बाजार के सरकारी स्कूलों में नगर पंचायत द्वारा पेयजल की व्यवस्था के लिए वाटर कूलर का निर्माण एक वर्ष से कराया जा रहा है जो आज तक सुचारू रूप से चालू नहीं हो सका। उमस भरी गर्मी और तापमान के आगे बच्चों को पानी पीने के लिए काफी दिक्कतें हो रही हैं। बच्चे ठंडे पानी के इंतजार में प्रतिदिन प्रधानाध्यापकों से पूछते हैं यह कब चालू होगा। क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय रामपुर दरिया, पूर्व माध्यमिक विद्यालय जहानागंज, प्राथमिक विद्यालय जहानागंज, कंपोजिट विद्यालय बरहतिर जगदीशपुर, प्राथमिक विद्यालय चौहान बस्ती बरहतिर जगदीशपुर में निर्माणाधीन वाटर कूलर शोभा बढ़ा रहा है। एक स्कूल पर वाटर कूलर के निर्माण की लागत दो लाख 96 हजार रुपये है। जो पांचों को मिलाकर कुल चौदह लाख अस्सी हजार होती है। पूरे नगर पंचायत क्षेत्र में सुचारू रूप से पेयजल की व्यवस्था कहीं भी उपलब्ध नहीं है। जिससे स्कूलों से लेकर सड़क के किनारे कहीं भी सार्वजनिक जगह पर पानी की व्यवस्था ना होने से सभी लोगों को काफी दिक्कतें हो रही हैं। नगर पंचायत क्षेत्र के लोगों ने अपील की है कि इतनी तेज गर्मी और तापमान को देखते हुए क्षेत्र में सार्वजनिक जगहों पर पेयजल की उत्तम व्यवस्था की जाए जिससे आने जाने वाले राहगीरों सहित सबको सुविधा मिल सके। ईओ सुरेश कुमार कहा कि एक हफ्ते के अंदर चालू करा दिया जाएगा।