इन दिनों ट्रेनों में कंफर्म टिकट का संकट फिर खड़ा हो गया है। अगस्त तक प्रमुख ट्रेनों में लंबी वेटिंग है। सबसे बुरा हाल स्लीपर क्लास का है। ज्यादातर ट्रेनों में वेटिंग 100 तक पहुंच गई है। एसी श्रेणियों में भी वेटिंग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में तत्काल टिकट हासिल करने में जेब ढीली होती रहेगी।
जिले से होकर महानगरों की ओर जाने वाली गोदान एक्सप्रेस, उत्सर्ग एक्सप्रेस, ताप्ती गंगा एक्सप्रेस व कैफियात एक्सप्रेस समेत सभी ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट से यात्री परेशान हैं। इनमें सौ से अधिक वेटिंग चल रही है। अब यात्रियों को तत्काल टिकट ही सहारा बना हुआ है। लोग रेलवे स्टेशन पर टिकट के लिए लंबी कतार लगा रहे हैं ताकि उन्हें तत्काल टिकट मिल सके। कुछ लोग तो भोर से ही लाइन में लग जा रहे हैं। ऐसे में मात्र चार से आठ यात्रियों को ही कंफर्म टिकट मिल पा रहा है। इन दिनों काउंटर पर भीड़ देखने को मिल रही है।
डीसीआई मिथिलेश कुमार ने बताया कि इस रूट पर ट्रेनों की संख्या कम है। इसलिए हर ट्रेन में वेटिंग है। सबसे अधिक वेटिंग गोदान एक्सप्रेस में रहती है। तत्काल टिकट के लिए लंबी लाइनें लगी रहती है। उनमे से कुछ ही लोगों का टिकट बन पाता है।