आजमगढ़। जिलाधिकारी व जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आगामी विधान सभा सामान्य निर्वाचन-2022 को दृष्टिगत रखते हुए बड़े पैमाने पर मतदाता जागरूकता एवं सहभागिता कार्यक्रम चलाया जाना है। जिसके तहत प्रत्येक कार्यालय में वोटर अवेयरनेश फोरम का गठन किया जाना है। जिसमें कार्यालय का प्रमुख अध्यक्ष होगा तथा एक सीनियर आफिसर को नोडल अधिकारी नामित किया जाएगा। नोडल अधिकारी अपने कार्यालय में कार्यरत सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम निर्वाचक नामावली में पंजीकृत कराएगा। राष्ट्रीय मतदाता दिवस 25 जनवरी 2022 को कार्यालय के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एक स्थान पर एकत्रित कर राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शपथ कराएंगे। साथ ही आगामी विधान सभा सामान्य निर्वाचन-2022 के अवसर पर निर्वाचन ड्यूटी के लिए अपने विभाग के कर्मचारियों के नाम प्रेषित कराना, कर्मियों की ड्यूटी संबंधी कार्य तथा आदर्श आचार संहिता का पालन सुनिश्चित कराएंगे। उन्होंने समस्त कार्यालयाध्यक्षों को निर्देश दिया कि अपने कार्यालय में वोटर अवेयरनेस फोरम (वीएएफ) का गठन कर नोडल अधिकारी नाम, पदनाम, विभाग का नाम एवं मोबाइल संख्या प्रत्येक दशा में एक सप्ताह के अंदर भेजवाना सुनिश्चित करें।