बूढ़नपुर। तहसील के भैरोपुर दरगाह के ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान निरंकार प्रजापति व भटौली के ग्राम प्रधान अशोक कुमार के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को गांव में विरोध प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि घरौनी की फीडिंग के नाम पर लेखपाल घूस मांग रहे हैं।
आरोप है कि घरौनी की फीडिंग के नाम पर 100 रुपया प्रति सदस्य लिया जा रहा है। इतना ही नहीं नवीन परती की जमीन के नाम पर ग्रामीणों से 10 से 15 हजार रुपए लिए जा रहे। साथ ही आरोप है कि आय-जाति व निवास प्रमाण पत्र में मनमाने तरीके से पैसा वसूला जा रहा है।
लेखपाल द्वारा चिह्नित जनसेवा केंद्रों पर ही फीडिंग कराने के लिए कहा जाता है। जब हम लोग आय जाति, निवास प्रमाण पत्र के लिए किसी अन्य जन सेवा केंद्र से आवेदन करते हैं तो लेखपाल रिपोर्ट नहीं लगाते। इस संबंध में एसडीएम नवीन प्रसाद ने बताया कि जांच कर दोषी के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई होगी। इस मौके पर रमेश, डा. ओम प्रकाश, निराला, मनजीत कुमार, जान मोहम्मद, संगीता, प्रमिला, गीता, चंद्रभान, इंदल, सुरेश आदि उपस्थित थे।