चोरी के मामले में बरदह थाना क्षेत्र के महुजा मोड़ स्थित एक एग्रीकल्चर दुकान पर कार्रवाई करने पहुंची पंजाब पुलिस द्वारा दूकान का ताला तोड़ कर सामान बाहर निकालने पर ग्रामीण भड़क गए और विरोध करने लगे। सूचना पर पहुंची बरदह पुलिस ने ग्रामीणों को समझाया और सूची तैयार कर सामान पंजाब पुलिस के हवाले किया। जौनपुर जिले के शाहगंज कोतवाली अंतर्गत बड़ागांव ग्राम निवासी अमित पुत्र रमाशंकर पंजाब के लुधियाना में गगन हारवेस्टर नामक दुकान पर काम करता था। वेतन आदि ठीक ढंग से न मिलने पर उसने दिसंबर माह में काम छोड़ दिया। इस बीच उसने बरदह थाना के महुजा मोड़ पर खुद की एग्रीकल्चर की दुकान खोल ली, जिसे उसका भाई संचालित करता था। उधर काम छोड़ने पर लुधियाना के गगन हारवेस्टर के मालिक राजेश पुरी ने अमित पर 12 लाख से अधिक के सामान की चोरी का आरोप लगा दिया। मुकदमा दर्ज हुआ और अमित लुधियाना में गिरफ्तार भी कर लिया गया। कोर्ट के आदेश पर पंजाब पुलिस एसआई प्रेम सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मंगलवार की सुबह महुजा मोड़ पर स्थित अमित की दुकान पर पहुंची और ताला तोड़ कर सामान पिकअप पर लदवाने लगी। पुलिस के साथ अमित व शिकायतकर्ता राजेश पुरी का पुत्र भी आया हुआ था। पुलिस की कार्रवाई के दौरान राजेश पुरी के पुत्र ने अमित को पीटना शुरू कर दिया। जिस पर ग्रामीण भड़क उठे और सूचना बरदह थाना पुलिस को दी। बरदह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंजाब न्यायालय से जुड़ा मामला होने के चलते हस्तक्षेप करने के बजाए सामानों की लिस्ट तैयार कर सामान उनके हवाले कर दिया।