मेजवां। फूलपुर तहसील क्षेत्र स्थित पल्थी गांव में साधन सहकारी समिति पर अब तक ग्रामीणों को राशन वितरण न दिए जाने के विरोध में मंगलवार को भाजपा नेता इंद्रपति सेवक के नेतृत्व में ग्रामीणों ने एसडीएम फूलपुर वागीश कुमार शुक्ला को ज्ञापन सौंपा। इंद्रपति ने कहा कि पल्थी ग्राम सभा की सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान सचिव शिव प्रताप सिंह की ओर से चलाई जाती रही है। उनके निधन के बाद दुकान को पांच किलोमीटर दूर गोवाई के कोटेदार से अटैच कर दिया गया है। इसके चलते ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व सचिव के स्थान पर दिनेश सिंह की नियुक्ति हो गई है। बावजूद यहां से खाद्यान्न का वितरण नहीं किया जा रहा है। ये नियम और कानून के खिलाफ है। ग्रामीणों ने मांग की कि शीघ्र गांव पल्थी में साधन सहकारी समिति में सरकारी सस्ते की दुकान से ग्रामीणों का खाद्यान्न वितरण कराया जाए। ज्ञापन देने वालों में बसंत, सहादुर यादव, राहुल, अभिषेक, कोमल सोनकर, दिनेश, कैलाशी, मीरा, तारा, रुपया, विकास, इसरा, झींनक, अनिल आदि थे।