आजमगढ़। सगड़ी तहसील क्षेत्र के मंदुरी एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के लिए हो रहे सर्वे का शुक्रवार को ग्रामीणों ने विरोध करना शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंचे नायब तहसीलदार मयंक मिश्रा ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत कराया।
मंदूरी एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के सर्वे के लिए राजस्व कर्मियों की टीम लगाई गई है। दो फेज में विस्तारीकरण का कार्य किया जाना है प्रथम फेज में रनवे, प्रशासनिक कक्ष आदि के लिए 360 एकड़ भूमि की आवश्यकता है। दूसरे फेज में रनवे व एडिशन कक्ष के लिए 310 एकड़ भूमि की आवश्यकता है। इसके लिए सात गांवों जिसमें बलदेव मंदुरी, गदनपुर हिच्छन पट्टी, सारा, साती, कंधरापुर, मधुबन ,कुआं देवचंद पट्टी के किसानों की भूमि का सर्वे का कार्य चल रहा है।
इसमें तीन राजस्व लेखपालों के साथ एक दर्जन राजस्व कर्मी लगे हुए हैं। शनिवार को राजस्व कर्मियों के द्वारा सर्वे का कार्य गदनपुर हिच्छन पट्टी में किया जा रहा था। ग्रामीणों ने एयरपोर्ट की उत्तर तरफ आबादी की भूमि के सर्वे को लेकर विरोध शुरू कर दिया।
ग्रामीणों ने आबादी की भूमि देने से इंकार कर दिया और मांग की कि गांव के दक्षिण तरफ भूमि का सर्वे किया जाए। सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार सगड़ी मयंक मिश्रा ने शाम को पहुंचकर ग्रामीणों को समझाया तब जाकर दोबारा सर्वे का कार्य शुरू हो सका। इस मौके पर गांव के प्रधान विजय, नरोत्तम यादव, मूरत यादव, शिव प्रसाद राय सहित दर्जनों की संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।