आजमगढ़। जनपद की 157 ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों की ओर से कार्यकाल के अंतिम चरण में जिन कार्यों पर 10 लाख रुपये से अधिक की धनराशि खर्च की गई है, उसकी जांच की जाएगी। मंडलायुक्त के निर्देश पर सीडीओ ने 22 जिला स्तरीय अधिकारियों और 22 इंजीनियरों की टीम गठित की है जो जांच कर रिपोर्ट देगी। ग्राम पंचायतों का कार्यकाल 25 दिसंबर को पूरा हो गया लेकिन जैसे-जैसे कार्यकाल समाप्ति की ओर से बढ़ता गया बहुत से ग्राम प्रधानों ने अपने कार्य में तेजी लाई और अपनी ग्राम पंचायतों में लाखों रुपये के काम करा डाले। उनकी ओर से दस लाख से अधिक धनराशि से कराए गए कार्यों की जांच कराने का निर्देश मंडलायुक्त ने दिया है। सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला ने जिला स्तरीय अधिकारियों और इंजीनियरों की टीम का गठन की है। हर ब्लाक में एक जिला स्तरीय अधिकारी और एक इंजीनियर को लगाया गया है। जो गांवों में अंतिम समय में ग्राम प्रधानों की ओर से कराए गए कार्यों की जांच करेंगे। सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला ने बताया कि जनपद के 22 ब्लाकों में 22 जिला स्तरीय अधिकारी और 22 इंजीनियर जांच करने के लिए लगाए हैं। इनको जांच कर सात दिन में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। इनकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।