आजमगढ़। जिले के एक विद्यालय में शिक्षक द्वारा डीएलएड की परीक्षा में परीक्षार्थियों को नकल कराते हुए वीडियो वायरल हो गया। वहीं एक विद्यालय में करीब दो घंटे तक सीसी कैमरा बंद कर परीक्षा कराई गई। मामला संज्ञान में आते ही संयुक्त शिक्षा निदेशक ने वरिष्ठ प्रवक्ता व प्रभारी प्राचार्य जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान को निर्देश दिए हैं। साथ ही तीन बिंदुओं पर जांच कर आख्या रिपोर्ट मांगी है।उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन (यूपी डीएलएड) की परीक्षा जिले में 26 केंद्रों पर आयोजित की गई। डीएलएड प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं 8 अगस्त से 10 अगस्त तक निर्धारित की गई थीं, जबकि तीसरे सेमेस्टर की परीक्षाएं 12 अगस्त से शुरु हुई जो 14 अगस्त यानी बुधवार तक होंगी। शासन का निर्देश है कि केंद्र व्यवस्थापक एवं पर्यवेक्षक को स्मार्ट फोन परीक्षा केंद्र में रखने की अनुमति नहीं होगी। सिर्फ की-पैड फोन रखने की अनुमति होगी। कक्ष निरीक्षकों के केंद्र पर फोन ले जाने पर पाबंदी लगाई गई है। संयुक्त शिक्षा निदेशक के यहां एक शिकायत मिली कि तपेश्वरी देवी जायसवाल इंटर काॅलेज, सरदहां में किसी शिक्षक द्वारा परीक्षार्थियों को नकल कराते हुए वीडियो वायरल किया गया है। संयुक्त शिक्षा निदेशक ने वरिष्ठ प्रवक्ता एवं प्रभारी प्राचार्य जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान चंदन भारती को पत्र जारी कर जांच कर रिपोर्ट मांगी है।
उन्होंने निर्देश दिए हैं कि उक्त परीक्षा केंद्र के किस शिक्षक द्वारा परीक्षार्थियों को नकल कराया गया है। परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन कैसे और किसके माध्यम से पहुंचा। इसके साथ ही उन्होंने स्मिथ इंटर काॅलेज अजमतगढ़ में विद्युत व जनरेटर व्यवस्था ठीक न होने के कारण सीसी कैमरा लगभग दो घंटे तक संचालित नहीं रहा। किन कारणों से मूल-भूत सुविधाओं में लापरवाही बरती गई। जेडी ने कहा कि उक्त प्रकरण से संबंधित फोन के माध्यम से आपको पूर्व में ही निर्देशित किया जा चुका है।