रानी की सराय। थाना क्षेत्र के रुदरी में चकरोड की जमीन पर एक व्यक्ति ने अतिक्रमण कर लिया था। जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। ग्रामीणों की शिकायत को संज्ञान में लेते हुए शनिवार को सीओ ने मौके पर पहुंच अतिक्रमण को हटवाया। इस दौरान एसओ और ब्लाक प्रमुख के बीच बहस का वीडियो भी वायरल हुआ है। रुदरी गांव में नहर से शिव मंदिर से होते हुए नत्थूपुर मार्ग को एक व्यक्ति ने काटकर अपने खेत में मिला लिया था। इस मार्ग से लगभग 300 घर के लोगों का आवागमन था। चकरोड के पतला होने से लोगों को आने-जाने में परेशानी होने लगी तो ग्रामीण उक्त व्यक्ति को जब चकरोड सही करने को कहते तो वह झगड़ा पर उतारु हो जाता। इस पर ग्रामीणों ने प्रशासन से इसकी शिकायत की। सीओ शनिवार को पुलिस बल और राजस्व टीम को मौके पर लेकर पहुंचे। जेसीबी लगवाकर चकरोड को सही कराया। इससे ग्रामीणों में हर्ष है। मौके पर एसओ रानी की सराय सहित राजस्व टीम मौजूद रही। अतिक्रमण को हटवाने के दौरान थानाध्यक्ष रानी की सराय और ब्लाक प्रमुख के बीच तू-तू, मैं-मैं का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है। इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार मिश्रा का कहना है कि वीडियो गलत है। मेरे और ब्लाक प्रमुख के बीच कुछ बात हो रही थी। उसी को आधार बनाकर यह गलत वीडियो किसी ने वायरल किया है। इसकी जांच की जाएगी। साथ ही ऐसा करने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वायरल वीडियो पूरी तरह से गलत है। मौके पर कोई बहस नहीं हुई थी।