ओपन स्टेट आमंत्रण सीनियर पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता में खेलते खिलाड़ी। संवाद
आजमगढ़। सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित ओपन स्टेट आमंत्रण सीनियर पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता के चौथे दिन रोमांचक मुकाबले खेले गए। पहले मुकाबले में वाराणसी और गोंडा के बीच मैच खेला गया। वाराणसी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 158 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोंडा की टीम 20 ओवर में 137 रन ही बना सकी। वाराणसी की ओर से स्वान सिंह ने 49, शिवम पटेल ने 31 और शिवम ने 26 रन बनाए। गोंडा की ओर से हर्षित तिवारी ने 50 और शाहिद ने 48 रन बनाए। गेंदबाजी में वाराणसी के स्वान सिंह ने 3 तथा अर्पित सोनकर ने 2 विकेट लिए। स्वान सिंह को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। उप क्रीड़ाधिकारी जेपी यादव ने पुरस्कृत किया। दूसरे मुकाबले में मऊ और सुल्तानपुर की टीमें आमने-सामने रहीं। सुल्तानपुर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 203 रन बनाए। जवाब में मऊ की पूरी टीम 18.1 ओवर में 120 रन पर ऑलआउट हो गई। सुल्तानपुर की ओर से प्रिंस पाण्डेय ने शानदार 101 रन बनाए, जबकि हर्षवर्धन ने 39 और आफताब आलम ने 25 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में अस्मित वर्मा ने 4 विकेट लिए, जबकि अर्जित, शशांक और कपिल पाल ने दो-दो विकेट हासिल किए। प्रिंस को मैन ऑफ द मैच चुना गया। जिला हैंडबाल संघ के सचिव केएम श्रीवास्तव ने पुरस्कृत किया।