फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Azamgarh News: नकल की शिकायत पर मचा हंगामा, जांच में कैमरे चालू मिले

विज्ञापन
परीक्षा केंद्र के बाहर परीक्षा​र्थियों से बात करते सीओ सिटी शुभम तोदी।
विज्ञापन
आजमगढ़। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, लखनऊ द्वारा आयोजित प्रवेश परीक्षा के दौरान शनिवार को विद्या इंटर कॉलेज हाफिजपुर परीक्षा केंद्र पर सामूहिक नकल कराए जाने की शिकायत से कुछ समय के लिए हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। प्रारंभिक जांच में परीक्षार्थियों के आरोपों की पुष्टि नहीं हो सकी और परीक्षा केंद्र पर लगे सभी कैमरे संचालित पाए गए। विश्वविद्यालय की प्रवेश परीक्षा जिले के 21 परीक्षा केंद्रों पर दिन ने 11 बजे से दोपहर 1.20 बजे तक आयोजित की गई थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद करीब दो बजे विद्या इंटर कॉलेज हाफिजपुर केंद्र पर कुछ छात्रों ने आरोप लगाया कि कक्ष संख्या 5, 7 और 9 में सामूहिक नकल कराई गई और निगरानी के लिए लगाए गए कैमरे बंद थे। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक कोतवाली, क्षेत्राधिकारी नगर, उपजिलाधिकारी सदर समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों से बातचीत कर उनकी शिकायत सुनी। इसके बाद केंद्र पर लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य व्यवस्थाओं की जांच की गई। प्राथमिक जांच में पाया गया कि परीक्षा केंद्र परिसर में डबल कैमरा व्यवस्था सक्रिय थी। एक एआई तकनीक से युक्त कैमरा विश्वविद्यालय की ओर से लगाया गया था, जिसकी लाइव फीड लखनऊ स्थित नियंत्रण कक्ष को भेजी जा रही थी। वहीं दूसरा विद्यालय का स्थायी सीसीटीवी कैमरा था, जिसकी रिकॉर्डिंग डीवीआर में सुरक्षित मिली। सीओ सिटी शुभम तोदी ने बताया कि पूरा परीक्षा केंद्र और परीक्षा प्रक्रिया वीडियो रिकॉर्डिंग की निगरानी में थी। परीक्षा केंद्र पर विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि के रूप में तैनात मुकुल रावत और मनीष कुमावत ने भी बताया कि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की गड़बड़ी या विसंगति सामने नहीं आई और परीक्षा पूरी शुचिता एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई। फिलहाल अधिकारियों द्वारा सीसीटीवी फुटेज का गहन अध्ययन किया जा रहा है और कक्ष निरीक्षकों और विद्यालय प्रशासन से पूछताछ की जा रही है। सीओ सिटी शुभम तोदी ने बताया कि प्रथम दृष्टया सामूहिक नकल और कैमरे बंद होने के आरोप असत्य प्रतीत हो रहे हैं, हालांकि जांच जारी है। यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें