आजमगढ़। परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत जिन शिक्षकों को नया मोबाइल नंबर लेने के कारण शैक्षिक सत्र 2023-24 में अंतर जनपदीय तबादले के आवेदन के लिए ओटीपी नहीं मिल रहा है, वह बेसिक शिक्षा अधिकारी से संपर्क कर नंबर अपडेट करा लें। बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव ने इस संबंध में बीएसए को निर्देश जारी किए हैं।
शिक्षकों की जिले के अंदर परस्पर और एक से दूसरे जिले में चल रही तबादला प्रक्रिया में ओटीपी न आने की समस्या आ रही थी। इसे देखते हुए विभाग ने मानव संपदा पोर्टल पर दर्ज शिक्षकों के मोबाइल नंबर अपडेट करने का निर्देश दिया है। वहीं, एनआईसी को भी तकनीकी समस्या के समाधान के लिए पत्र भेजा गया है। प्रभारी बीएसए ने बताया कि जिन शिक्षकों के मोबाइल नंबर मानव संपदा पोर्टल पर दर्ज हैं और चल नहीं रहे हैं, ऐसे शिक्षक ई-मेल या खुद उपस्थित होकर प्रत्यावेदन कार्यालय को देंगे। इनका परीक्षण कर एनआईसी पोर्टल पर ऑनलाइन मोबाइल नंबर बदल सकेंगे। बताया कि इसकी जानकारी खंड शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से शिक्षकों को दी जाएगी और अपडेट नंबरों की जानकारी भी विभाग को उपलब्ध कराई जाएगी।