मतगणना के बाद सपा प्रत्याशी सरफराज आलम को विजेता घोषित किया गया। सरफराज को 13607 मत, भारत रक्षा दल के प्रत्याशी हरिकेश विक्रम श्रीवास्तव को 12764 और भाजपा के अभिषेक जायसवाल दीनू को 12598 वोट मिले। इस प्रकार सपा के सरफराज आलम ने 843 मतों से जीत हासिल की।
नगर पालिका परिषद आजमगढ़ परिषद आजमगढ़ में अध्यक्ष पद के लिए 14 और सभासद पद के लिए कुल 109 प्रत्याशी मैदान में उतरे थे। जिसमें मतगणना के बाद एक अध्यक्ष पद के प्रत्याशी के सिर पर जीत का ताज था। जबकि सभासद में 109 में से 25 प्रत्याशियों के सिर पर जीत का ताज सजा। बाकी के प्रत्याशियों को मायूसी हाथ लगी। जिसे जनता जनार्दन ने स्वीकार नहीं किया।
चुनाव परिणाम के बाद जश्न मनाते सपा कार्यकर्ता
- फोटो : अमर उजाला
भारतीय जनता पार्टी 16 नगर निकायों में मात्र एक सीट महराजगंज पर ही कब्जा जमाने में कामयाब रही। जबकि सपा ने आजमगढ़ नगर पालिका और नवगठित नगर पालिका बिलरियागंज के साथ नगर पंचायत अजमतगढ़, अतरौलिया और नव गठित नगर पंचायत जहानागंज पर कब्जा जमाया। वहीं नगर निकाय की 10 सीटों पर निर्दलियों का कब्जा रहा। जिसमें मुबारकपुर नगरपालिका भी शामिल रही। वहीं नगर पंचायतों में निजामाबाद, मेंहनगर, जीयनपुर, लालगंज, फूलपुर, माहुल, बूढ़नपुर, मार्टीनगंज, सरायमीर में निर्दलियों के हाथ बाजी लगी।
बिलरियागंज नगर पंचायत का विस्तार कर इसे नगरपालिका बनाया गया। इस नगर पालिका के लिए पहली बार अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में सपा की मीना सरोज ने भाजपा की मंजू देवी को हराकर कब्जा जमाया। इस दौरान एआईएमआईएम की कौशिल्या और बसपा की सुरसति ने भी जमकर लड़ाई लड़ी। बिलरियागंज जबसे नगर पंचायत बनी तबसे लेकर अब तक इस सीट पर भाजपा कब्जा नहीं जमा सकी है। नगर पालिका बनने के बाद भाजपा ने इस सीट पर कब्जा जमाने का मंसूबा बनाया था। जिसके लिए एड़ी चोटी का जोर भी लगाया।
सपा ने मीना सरोज को अपना प्रत्याशी बनाया था। इस चुनाव में सपा की मीना सरोज को 12674 मत, भाजपा की मंजू देवी को 9502 मत, बसपा की सुरसति को 8479 मत, एआईएमआईएम की कौशिल्या को 8190 मत प्राप्त हुए। जबकि कांग्रेस की प्रभा को मात्र 767 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार सपा की मीना सरोज ने सबको पछाड़ते हुए 3172 मतों से जीत हासिल की। इस जीत के साथ ही सपा ने भाजपा के बिलरियागंज नगर पालिका पर कब्जा जमाने के मंसूबे पर पानी फेर दिया।