अराजीबाग में सड़क से सटाकर लगाया गया यूनिपोल। संवाद
- फोटो : samvad
आजमगढ़। सड़क और फुटपाथ से 3 मीटर की दूरी पर यूनिपोल लगाने का नियम है। लेकिन, शहरी क्षेत्र में सड़क से सिर्फ दो से तीन फीट की दूरी पर ही यूनिपोल लगा दिए गए हैं। इससे हमेशा हादसे की आशंका रहती है। नगर के ब्रह्मस्थान क्षेत्र में स्टेडियम से लेकर शिब्ली चौराहे तक दो यूनिपोल लगे हैं। स्टेडियम के सामने लगे यूनिपोल की दूरी सड़क से पांच से छह फीट है। वहीं डॉ. जावेद के अस्पताल के पास लगे यूनिपाेल की दूरी सड़क से ढाई से तीन फीट ही होगी। वहीं शिब्ली चौराहे से पहाड़पुर के बीच एक यूनिपोल शिब्ली इंटर कालेज के सामने लगा है। इसकी सड़क से दूरी चार से पांच फीट है। वहीं नगर के मातबरगंज से लेकर बड़ादेव तक 10 मीटर के दायरे में तीन यूनिपोल लगाए गए हैं। इन यूनिपोलों में किसी की सड़क से तीन से चार फीट तो किसी दो से ढाई फीट ही दूरी है। इसी तरह से गिरजाघर चौराहे तक छह यूनिपोल लगे हैं। इनकी भी सड़क से दूरी वहीं है। गिरजाघर चौराहे पर स्वामी विवेकानंद पार्क में तो सिविल लाइन चौराहे पर डिवाइडर पर ही यूनिपोल को लगाया गया है।