बिंद्रा बाजार। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के चिवटही मार्ग पर कोनौली गांव के पास मंगलवार की देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में आकर साइकिल सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए मर्चरी भेज दिया। साइकिल सवार दोनों युवक घटना के समय रिश्तेदारी में तेरही भोज में शामिल होकर घर लौट रहे थे। गंभीरपुर निवासी 23 वर्षीय शिवशंकर पुत्र जयप्रकाश यादव व बेलऊ गांव निवासी 26 वर्षीय सुधीर पुत्र महाजन मंगलवार को रिश्तेदारी में तेरही भोज में शामिल होने के लिए सिंघड़ा गांव गए थे। देर रात लगभग 12 बजे दोनों साइकिल से घर लौट रहे थे। अभी वे चिवटही मार्ग पर कोनौली गांव के पास ही पहुंचे थे कि अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। राहगीरों के माध्यम से घटना की सूचना पुलिस को मिली तो गंभीरपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया। वहीं घटना की जानकारी दोनों युवकों के परिजनों को हुई तो कोहराम मच गया। मृतक शिवशंकर तीन भाईयों में दूसरे नंबर पर और एक पुत्र का पिता था। वहीं सुधीर तीन भाई व एक बहन में सबसे छोटा था।