आजमगढ़। जिले में निजी स्कूल, कॉलेज में करीब 175 बिना मानक के वाहनों से नौनिहालों को लाने, ले जाने का कार्य किया जा रहा है। ऐसे स्कूली वाहनों की परिवहन विभाग ने लिस्ट तैयार की है। जिससे कि मानक विहीन बस, स्कूल वैन पर रोक लगाई जा सके या उनको फिट करवाया जा सकें। ऐसे में नौनिहालों की जान जोखिम में है। गाजियाबाद में हुए स्कूली बस में हादसे के बाद अनफिट वाहनों के खिलाफ शासन और संभागीय परिवहन नींद से जागा है। बिना फिटनेस सड़कों पर दौड़ लगा रहे वाहन संचालकों को फिटनेस कराने के लिए नोटिस भेजा गया। नोटिस जारी होने के बाद भी जब अनफिट वाहनों ने फिटनेस नहीं कराया तो विभाग ने करीब 230 स्कूली वाहनों का पंजीयन निलंबित कर दिया। साथ ही नोटिस जारी कर उन्हें कड़ी चेतावनी देते हुए पंजीयन निरस्त करने की बात कही है। एआरटीओ प्रशासन सतेंद्र कुमार यादव ने बताया कि यदि वह वाहनों का पंजीकरण नहीं कराते हैं तो उनका पंजीयन निरस्त कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि काफी हद तक वाहन स्वामियों ने अपना फिटनेस कराया है। बताया कि अभी तक करीब जिले में 175 वाहन ऐसे संचालित हो रहे जिनका फिटनेस फेल है। उन्हें सख्त निर्देश हैं कि जल्द वह वाहनों का फिटनेस करा लें अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।