आजमगढ़। नई औद्योगिक नीति के तहत आजमगढ़ जिले को 500 करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य दिया गया है। इस लक्ष्य के सापेक्ष अब लगभग 77 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव प्राप्त हो चुका है। जिले को यह सारे प्रस्ताव एमएसएमई के तहत प्राप्त हुए हैं। जिनको निवेश सारथी पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है।
उपायुक्त उद्योग साहब सरन रावत ने बताया कि आजमगढ़ में निवेश को लेकर निवेशकों ने दिलचस्पी दिखाई है। दूसरे जनपदों के निवेशक भी यहां निवेश के लिए तैयार हैं। कुछ अन्य निवेशकों ने भी यहां निवेश करने के लिए अपनी इच्छा जाहिर की है। इनसे शीघ्र ही एमओयू साइन कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर 10 से 12 फरवरी 2023 को लखनऊ में ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए व्यापारियों और निवेशकों की ओर से प्रस्ताव दिया जा रहा है। निवेश बढ़ने के साथ ही युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। अब तक जिन निवेशकों की ओर से निवेश के लिए प्रस्ताव दिया गया है, उनमें सबसे अधिक11 करोड़ रुपये का प्रस्ताव माधुरी राय ने राइस मिल की स्थानपना के लिए दिया गया है। जिले में अब तक 23 लोगों ने जो प्रस्ताव दिए हैं वह सभी एमएसएमई के तहत दिया है।
इन लोगों ने दिया प्रस्ताव
आजमगढ़। जिले में इंवेस्ट के लिए जो प्रस्ताव मिले हैं उनमें राइस मिल के लिए माधुरी राय ने 11 करोड़ रुपये का सबसे अधिक प्रस्ताव दिया है। इसके अलावा सैप अहदम रजा ने आलमारी उद्योग के लिए दो करोड़, संजय मोदी ने उडेन ट्रीटमेंट के लिए दो करोड़, मनोज कुमार मौर्या द्वारा पीवीसी शीट के लिए एक करोड़, अहमद शाह आलम खान ने टीसी टेंट इंडस्ट्री के लिए एक करोड़, सत्यप्रकाश चौहान ने मसाला, अचार और मुरब्बा निर्माण के लिए एक करोड़ का प्रस्ताव दिया है। इसके अलावा सोया बड़ी के लिए शीतला प्रसाद गुप्ता ने एक करोड़, टेंट हाउस के लिए मो. जाहिद ने एक करोड़ 20 लाख, स्कूल फर्नीचर के लिए प्रमोद कुमार विश्वकर्मा ने तीन करोड़, ट्रैक्टर टाली गेट के लिए संगीता विश्वकर्मा ने तीन करोड़, राइस मिल के लिए श्रवण गुप्ता ने छह करोड़ का प्रस्ताव दिया है। वहीं शेख अब्दुल्लाह ने मैट्रेस निर्माण के लिए एक करोड़, सुनील कुमार गुप्ता ने कोल्ड स्टोरेज निर्माण के लिए आठ करोड़, सुनील कुमार गुप्ता ने ही स्टील आलमारी और फर्नीचर के लिए आठ करोड़, सैफ अहमद ने रिफाइंड आयल के लिए दो करोड़ पांच लाख, जगनरायन यादव ने इंटलाकिंग ब्रिक्स के लिए एक करोड़, करन गुप्ता ने स्टील आलमारी निर्माण के लिए चार करोड़, आशिक अब्बासी ने बेकरी के लिए दो करोड़ का प्रस्ताव दिया है। जबकि यश जायसवाल ने राइस मिल के लिए तीन करोड़, शिवचंद जायसवाल ने डेयरी के लिए दो करोड़, अनिल कुमार राय ने फ्लोर मिल के लिए 10 करोड़, गौरव पांडेय ने फ्लोर मिल के लिए दो करोड़ और मीरा यादव ने आक्सीजन प्लांट के लिए दो करोड़ इंवेस्ट का प्रस्ताव दिया है।
10 से 13 फरवरी 2023 तक ग्लोवल इंवेस्टर्स समिट का आयोजन किया जाएगा। इंवेस्टर्स समिट में जिले से 500 करोड़ निवेश का लक्ष्य रखा गया है। अब तक 23 निवेशकों द्वारा 77 करोड़ रुपये इंवेस्ट का प्रस्ताव दिया गया है। उद्यमियों को सूक्ष्म उद्यम लगाने पर 20 प्रतिशत, लघु उद्यम लगाने पर 15 प्रतिशत, मध्यम इकाई लगाने पर 10 प्रतिशत पूंजीगत उपादान का लाभ दिया जाएगा। स्थापना ब्याज उपादान वार्षिक ब्याज दर 50 प्रतिशत और अधिकतम दो करोड़ तक का लाभ दिया जाएगा। भूमि क्रय पर स्टांप ड्यूटी में 75 प्रतिशत छूट भी दी जाएगी। निवेश के इच्छुक उद्यमी निवेश सारथी एप पर आवेदन कर सकते हैं। साहब सरन रावत, उपायुक्त उद्योग।