थाना क्षेत्र के किशनुपुर पुल के पास ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान सामने आए बाइक सवार को बचाने में कार अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। इस हादसे में कार में सवार वृद्धा की मौत हो गई तो वहीं एक वृद्ध व एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि कार चला रहा मृतका का पोता बाल-बाल बच गया। पुलिस ने घायलों को राजकीय मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। तरवां थाना क्षेत्र के भोपालपुर भदिया गांव निवासिनी रामदेवी चौहान (72) शुक्रवार को अपने पति बालकरन चौहान (75) व नाती इंद्राज (14) के साथ कार से जिला मुख्यालय दवा लेने के लिए आयी थी। कार रामदेवी का पोता सुदीप चौहान चला रहा था। दिन में लगभग दो बजे कार सवार सभी वापस घर लौट रहे थे। कार जहानागंज थाना के किशुनपुर पुल पर पहुंची थी। इसी दौरान सुदीप ट्रक को ओवरटेक करने लगा तो अचानक से सामने बाइक सवार आ गया। जिसे बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर पुल के किनारे स्थित खाई में पलट गई। हादसे में रामदेवी चौहान की जहां मौके पर ही मौत हो गई तो वहीं कार में सवार बालकरन व इंद्राज घायल हो गए। जबकि कार चला रहा सुदीप बाल-बाल बच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को राजकीय मेडिकल कालेज भेज कर भर्ती कराया।