फरिहां। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरीदाबाद गांव स्थित पेट्रोलपंप के पास सोमवार की सुबह सवारियों से भरी आटो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में आटो सवार वृद्ध की मौत हो गई जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। सड़क हादसे में घायल दो की हालत गंभीर बतायी जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया तथा मृतक के शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह आटो सरायमीर से सवारियां बैठा कर रानी की सराय जा रहा था। रास्ते में निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरीदपुर गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास आटो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में आटो में सवार 72 वर्षीय मोहम्मद जकरी पुत्र समसुल निवासी सम्मोपुर आईमा थाना रानी की सराय के सिर में चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक एक दिन पूर्व अपनी पुत्री के घर खुदादादपुर थाना निजामाबाद गया हुआ था और वहां से वापस घर लौट रहा था। आटो में सवार पांच अन्य घायल हैं जिनमें से दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने पंचनामा बना कर शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया।