थाना क्षेत्र के तीलसड़ा मोड़ पर बृहस्पतिवार की देर शाम सवारियों से भरी आटो अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में वृद्धा समेत चार लोग घायल हो गए। सभी को सीएचसी ले जाया गया। जहां वृद्ध को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान कुछ ही देर बाद वृद्ध की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मेंहनगर थाना के भोरमपुर गांव निवासिनी धनेश्वरी देवी (65) बृहस्पतिवार को अपनी बहु व दो पोतियों के साथ बाजार खरीदारी करने के लिए अहियाई बाजार गई थी। शाम साढ़े पांच बजे के लगभग चारों एक आटो में सवार होकर वापस घर लौट रही थी। अभी आटो मेंहनगर-छतवारा मार्ग पर तीलसड़ा मोड़ के पास पहुंचा था कि अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में धनेश्वरी देवी के साथ ही उसकी बहु व दोनों पोतियां भी घायल हो गई। चारों को सीएचसी मेंहनगर ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने बहु व दोनों पोतियों को मरहम-पट्टी के बाद छोड़ दिया तो वहीं धनेश्वरी देवी की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान कुछ ही देर बाद वृद्धा ने दम तोड़ दिया। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक तीन पुत्रों की मां थी। तीनों पुत्र रोजी-रोटी के लिए बाहर रहते है। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।
- मनोज गोंड