आजमगढ़। माध्यमिक शिक्षा परिषद के अधीन संचालित समस्त माध्यमिक विद्यालय में एनसीईआरटी के अधिकृत प्रकाशकों की पुस्तकों का उपयोग अध्ययन एवं अध्यापन के लिए निर्दिष्ट किया गया है। उक्त बातें जिला विद्यालय निरीक्षक उमेश कुमार त्रिपाठी ने कही। उन्होंने कहा कि संज्ञान में आया है कि जनपद में एक अनाधिकृत प्रकाशक (राजीव प्रकाशन) की पुस्तकें उपलब्ध हैं और अधिकांश विक्रेता उक्त राजीव प्रकाशन एवं अन्य सम्बंधित प्रकाशक की अनाधिकृत पुस्तकों की धड़ल्ले से बिक्री कर रहे हैं, जो पूरी तरह से गलत है। उन्होंने कहा कि अधिकृत प्रकाशकों की पुस्तकें शासन व माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा कैलाजी बुक्स प्रा.लि. हॉस्पिटल रोड आगरा, पीतांबरा बुक्स प्रा.लि. औद्योगिक क्षेत्र बिजौली झांसी एवं डायनामिक टेक्स्ट बुक प्रिंटर्स प्रा.लि. औद्योगिक क्षेत्र बिजौली झांसी अनुमन्य हैं। उन्होंने बताया कि उक्त के संबंध में पूर्व में सूचना जारी की गई थी, लेकिन संज्ञान में आया है कि जनपद के पुस्तक विक्रेताओं द्वारा उक्त प्रकाशकों से पुस्तक आपूर्ति के लिए मांग पत्र नहीं भेजा जा रहा है। जिससे जनपद में उक्त प्रकाशकों की पुस्तकों की भारी कमी है। उन्होंने बताया है कि अधिकृत प्रकाशकों की पुस्तकों की जनपद में आपूर्ति एवं समुचित विक्रय व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जनपद के माध्यमिक विद्यालयों के समस्त प्रधानाचार्यों एवं पुस्तक विक्रेताओं की महत्वपूर्ण बैठक जिला विद्यालय निरीक्षक की अध्यक्षता में शिब्ली नेशनल इंटर कालेज तीन सितंबर को दो बजे होगी। - विकास विश्वकर्मा