रौनापार थाना क्षेत्र के बेलकुंडा बाजार स्थित एक सराफा की दुकान से उच्चके ने चार लाख के जेवरात उड़ा दिए। उच्चका जंतर लेने आया था और फिर दुकानदार का मतभ्रम कर जेवरात लेकर फरार हो गया। पीड़ित ने घटना के बाबत पुलिस को तहरीर दे दी है। बेलकुंडा बाजार में बाला जी ज्वेलर्स के नाम से सराफा की दुकान है। रविवार की शाम दुकान पर मुख्य दुकानदार का भाई मौजूद था। इसी दौरान एक व्यक्ति पहुंचा और सोने व चांदी का जंतर मांगा। दुकानदार ने उसे चांदी का जंतर दिया तो फिर उसने पीतल का टुकड़ा मांगा। इसके बाद उसने न जाने ऐसा क्या किया की दुकान पर बैठे युवक का मतभ्रम हो गया और उच्चका जो भी मांगता रहा वह उसे लाकर देता रहा और उच्चका उसे अपनी जेब में रखता रहा। लगभग चार लाख कीमत के जेवरात लेकर वह फरार हो गया। कुछ देर बाद मुख्य दुकानदार सुधाकर वर्मा पहुंचा तो उसे कुछ आशंका हुई। दुकान पर मौजूद जेवरातों का मिलान करने व सीसी टीवी फुटेज देखने पर ज्ञात हुआ कि उच्चका लगभग चार लाख का जेवरात लेकर फरार हो गया है। पीड़ित ने घटना के बाबत रौनापार थाने पर तहरीर दे दिया है। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।