पवई। बाजार स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में सोमवार को कैश की किल्लत से ग्राहक परेशान हुए। कैश के लिए बैंक पहुंचे ग्राहकों ने बैंककर्मियों पर बदसलूकी करने का आरोप लगाया है। बैंक के ग्राहकों के मुताबिक लगन का समय चल रहा है। सामान आदि की खरीदारी के अलावा बीमारी में उपचार कराने सहित अन्य कार्यो के लिए रूपयों की जरूरत है। लेकिन बैंक में कैश न होने से वे अपने ही रुपये के लिए बैंक के चक्कर काटना पड़ रहा है। ग्राहकों ने बैंक के उच्चाधिकारियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया है। यूनियन बैंक आफ इंडिया पवई की शाखा में इन दिनों कैश की किल्लत है। जबकि वर्तमान समय में लगन का सीजन चल रहा है। इस समय लोगों को पैसे की सख्त जरूरत है, किसी के यहां शादी पड़ी है, तो कोई बीमार है। दवा की खरीदने के लिए रूपये नहीं मिल पा रहे हैं। बैंक की हालत यह है कि ग्राहकों को उनके ही रुपये देना तो दूर बैंक के कर्मचारी पूछने पर अपशब्दों का प्रयोग कर रहे हैं। बैंक के कर्मचारी लोगों को यह कहकर लौटा दे रहे हैं कि कोरोना काल में रुपये की उम्मीद न करिए। क्षेत्र के राधेश्याम सिंह का कहना है कि 82 वर्ष का हूं, पेंशन के भरोसे ही जीवन यापन होता है, दवा लेना है, लेकिन बैंक में रूपये नहीं है। अब कहां जाऊ कुछ समझ नहीं आ रहा है। बताया कि पैसे के बारे में पूछने पर कैशियर व सहायक प्रबंधक बदसलूकी करते है। मामले में शाखा प्रबंधक चंदन ने बताया कि हम तो अवकाश पर हैं। यदि बैंक में रूपये की किल्लत है तो हम यहां से क्या कर सकते हैं। क्षेत्रीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का निराकरण नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।