पवई। थाना क्षेत्र के बसही गांव के पास रविवार की देर रात स्कार्पियों व बाइक के बीच टक्कर हो गई। इस हादसे में दो युवकों की जहां मौत हो गई। वहीं एक अन्य गंभीर रुप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायल को शाहगंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। निजामाबाद थाना क्षेत्र के बड़हरिया गांव निवासी सुनील (30) पुत्र पलजु राम अपने बहन के घर पवई थाना क्षेत्र के बसही गांव आया वैवाहिक समारोह में शामिल होने आया था। रविवार की रात वह किसी काम से संजय व दीपू निवासी इमली महुआ थाना पवई के साथ बाइक से अंबारी बाजार जा रहा था। जैसे ही तीनों फूलपुर रजवाहा पर बनी सड़क पर पहुंचे कि अंबारी की तरफ से आ रही स्कार्पियों की चपेट में आ गए। इस हादसे में सुनील की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पवई थाना व अंबारी चौकी पुलिस को दी गई। सूचना के काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल संजय व दीपू को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। इलाज के दौरान दीपू उर्फ दीपक (25) की भी अस्पताल में देर रात मौत हो गई। दोनों मृतकों के शव पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक सुनील एक पुत्र का पिता था। वहीं मृतक दीपक दो भाइयों में सबसे बड़ा था। घटना से परिजनों में कोहराम मचा गया है।