जिले की दो बेटियों ने गुजरात प्रांत के अहमदाबाद में आयोजित राष्ट्रीय स्पोर्टस चैंपियनशिप प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर जनपद का नाम रोशन किया। कांस्य पदक लेकर जिले में लौटने पर बृहस्पतिवार को योगासन स्पोटर्स एसोसिएशन और योगासन से जुड़े लोगों ने दोनों का फूल-मालाओं से स्वागत किया। योगासन खेल संघ के अध्यक्ष सोहन लाल वर्मा ने कहा कि रागेश्वरी गोंड और तेजस्वनी गोंड ने अपने परिश्रम व त्याग के साथ-साथ प्रशिक्षक शंकर योगाचार्य के अनुभव युक्त प्रशिक्षण व कुशल निर्देशन का परिणाम है, कि पहली ही बार में राष्ट्रीय योगासन चैम्पियनशिप प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त कर जनपद का गौरवांवित करने का काम किया है। संरक्षक कल्पनाथ सिंह ने दोनों को जनपद की धरोहर बताया। बोले हम सभी का दायित्व है कि इनको सजाने-सवांरने और खेल प्रतियोगियों में भाग लेने के लिए तन-मन-धन से सहयोग करें। तेजस्वनी और रागेश्वरी ने कहा कि हमारा लक्ष्य देश के लिए गोल्ड लाना है। इस लक्ष्य को पाने के लिए हम दोनों जी-तोड़ मेहनत करेंगे। दोनों बहनों को कृष्ण कुमार चौरसिया, विवेक कुमार गुप्ता, रवि कुमार चौरसिया, दीपू खरवार, राहुल कुमार, प्रहलाद गोंड राजेश्वर सिंह, सुधा सिंह, रीना गुप्ता, आशा राय, आशा सिंह, अनामिका आदि ने बधाईयां दी।