आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के नोनरा पोखरी में शुक्रवार की शाम डूबने से दो सगी बहनों की मौत हो गई। वहां मौजूद मां ने डूब रही बेटियों को बचाने का प्रयास किया लेकिन वह असफल रही। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एक साथ दो सगी बहनों की हुई मौत से परिवार में कोहराम मचा है। बरदह गांव निवासी रमेश विश्वकर्मा की पत्नी सरोज अपनी बेटी रिया विश्वकर्मा (13) और रानी (11) के साथ नोनरा पोखरी पर नहाने और कपड़े धुलने गई थीं। तभी उनकी बेटी रिया और रानी पोखरी में डूबने लगी। बेटी को डूबता देख मां सरोज भी पोखरी में कूदी लेकिन दोनों को पकड़ नहीं सकी। जब तक उन्हें बाहर लाती तब तक उनकी डूबने से मौत हो गई। सरोज पोखरी से बाहर आकर जोर-जोर से शोर मचाने लगी। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और पोखरी से दोनों के शव को बाहर निकाला। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।