आजमगढ़। कोरोना संक्रमण की चौथी लहर में बुधवार को दो और संक्रमितों की मौत हो गई। राजकीय मेडिकल कालेज में दोनों ने इलाज के दौरान दम तोड़ा। इसके बाद जिले में चौथी लहर में मरने वालों की संख्या बढ़ कर पांच हो गई है। वहीं अब तक कोरोना से मौतों का आंकड़ा 240 पर पहुंच गया है। जबकि स्वास्थ्य विभाग अभी अपने रिपोर्ट में मृतकों की संख्या 238 ही बता रहा है। कोरोना संक्रमण की चौथी लहर चल रही है। इस लहर में भी जिले में मौत का क्रम जारी है। राजकीय मेडिकल कालेज के नोडल अधिकारी डॉ. नियाज हसन ने बताया कि बुधवार को एक महिला सुबह इलाज के लिए गंभीर हालत में लायी गई। जांच में वह कोरोना पॉजिटिव निकली। इलाज शुरू होने के दो घंटे बाद ही उसने दम तोड़ दिया। वहीं 42 वर्षीय एक व्यक्ति बीते दो दिनों से ही राजकीय मेडिकल कालेज में भर्ती था। बुधवार की शाम इलाज के दौरान उन्होंने ने भी दम तोड़ दिया। दोनों का अंतिम संस्कार कोरोना प्रोटोकाल के तहत कराने का निर्देश दिया गया है। मृत महिला गाजीपुर जिले की रहने वाली थी तो वहीं मृतक फूलपुर कोतवाली के नेवादा गांव का रहने वाला है। चौथी लहर में दो और की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रतिदिन जारी किए जाने वाले आंकड़ों की सूची में कोरोना से अब तक मरने वालें की संख्या 238 ही दिखायी जा रही है। जबकि यह संख्या अब बढ़ कर 240 हो गई है। वहीं इस सूची के अनुसार जिले में अब तक 19809 संक्रमित मिल चुके है। जिसमें 19567 पूरी तरह से स्वस्थ्य हो चुके है। अभी भी जिले में चार एक्टिव केस है। बुधवार को 1105 की जांच की गई। जिसमें किसी की भी रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं आयी।