बिलरियागंज थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत दो अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 26 किलो 900 ग्राम अवैध गांजा तथा तस्करी में प्रयुक्त एक ऑटो बरामद किया गया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब छह लाख रुपये बताई जा रही है। थाना प्रभारी अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि सोमवार को पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति ऑटो में गांजा लेकर गुलवा गौरी नहर मार्ग की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने छिछोरी नहर ट्यूबवेल के पास घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखकर ऑटो चालक वाहन मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमरजीत पांडेय निवासी गोपालगंज (बिहार) और हरेन्द्र कुशवाहा निवासी कुशीनगर के रूप में हुई। क्षेत्राधिकारी सगड़ी की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी लेने पर अमरजीत पांडेय के पास से 16 किलो 515 ग्राम तथा हरेन्द्र कुशवाहा के पास से 10 किलो 385 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इस प्रकार कुल 26 किलो 900 ग्राम गांजा और ऑटो वाहन को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा छत्तीसगढ़ से लाकर बिक्री के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तारी और बरामदगी की वीडियोग्राफी भी कराई गई है तथा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।