जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटनाओं में एक युवक और एक वृद्ध की मौत हो गई। जबकि एक युवक घायल हो गया। इसका उपचार सदर अस्पताल में चल रहा है।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बिजरवा गांव निवासी रिंकू चौबे (25) पुत्र हरिबंश चौबे शनिवार की रात लगभग साढ़े दस बजे चचेरे भाई सोनू उर्फ रवि चौबे (28) पुत्र रूद्र चौबे के साथ आजमगढ़ से मरीज देख कर अपनी कार से घर जा रहे थे। अभी जैसे ही वह हाफिजपुर पहुंचे ही थे कि दूसरी ओर से तेज रफ्तार से आ रही कार से जोरदार टक्कर हो गई। इस घटना में रिंकू चौबे की मौके पर ही मौत हो गई। वही सोनू उर्फ रवि गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक रिंकू कपड़े का व्यवसाय करता था, उसका एक पुत्र एक पुत्री है।
वहीं एक अन्य घटना में रौनापार थाना क्षेत्र के महुला गांव निवासी बाढू पटेल (65) पुत्र स्व तेल्हू पटेल शनिवार की शाम साढ़े छह बजे शौच करके घर जा रहे थे। तभी सड़क पार करने के दौरान तेज गति से आ रही बाइक की चपेट में आ गए। इसमें उन्हें गंभीर चोटें आईं। परिवार के लोग उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले आए। जहां इलाज के दौरान रविवार की सुबह दस बजे मौत हो गई। मृतक तीन भाई, एक बहन में सबसे बड़े थे। एक भाई की पहले मौत हो चुकी है।