जिले में दो स्थानों पर ट्रेन से कट कर अज्ञात किशोर समेत दो की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एक घटना निजामाबाद थाना क्षेत्र के मीरपुर डगरा तो दूसरी शहर स्थित रेलवे स्टेशन के पास बेलइसा ओवरब्रिज के पास हुई।
निजामाबाद थाना क्षेत्र के मीरपुर गांव निवासी शुभम पाल 15 पुत्र श्याम नरायन पाल मानसिक रूप से बीमार था। बृहस्पतिवार की शाम चार बजे वह घर से घूमने के लिए निकला। देर रात तक वह नहीं पहुंचा तो परिजन उसे खोजने लगे। रात लगभग 11 बजे के आसपास शुभम का शव मीरपुर डगरा पर रेलवे लाइन पर ट्रेन से कटा हुआ मिला। वह तीन भाइयों व तीन बहनों में पांचवें स्थान पर था।
दूसरी घटना सिधारी थाना अंतर्गत रेलवे स्टेशन स्थित बेलइसा ओवरब्रिज के पास हुई। यहां लगभग 20 वर्षीय युवक की दिल्ली से आजमगढ़ आ रही कैफियात एक्सप्रेस ट्रेन से कट कर मौत हो गई। जीआरपी शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त में जुटी रही। काफी प्रयास के बाद भी शव ही पहचान नहीं हो सकी। जिस पर पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।