उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में बुधवार की दोपहर छत पर खेल रहीं एक ही परिवार की दो मासूम बच्चियां हाईटेंशन तार की चपेट में आ गईं, जिससे वो बुरी तरह से झुलस गईं। दोनों बच्चियों की हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मंडलीय जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, अतरौलिया थाना क्षेत्र के भोराजपुर गांव निवासी धर्मेंद्र के मकान में ग्वालियर के रहने वाले रिंकू अपने परिवार के साथ रहते हैं। वह एक निजी कंपनी में यहां कार्यरत हैं। बुधवार की दोपहर रिंकू की दो पुत्री नंदिनी(11) और चार वर्षीय दिव्या छत पर खेल रही थीं। इस दौरान वह खेलते खेलते हुए पड़ोस के छत पर चली गईं।
पड़ोस की छत के पास से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में दोनों मासूम बच्चियां आकर झुलस गईं। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भागकर मौके पर पहुंचे और उन्हें एक निजी अस्पताल में ले गए। जहां हालत गंभीर देखकर प्राथमिक उपचार के बाद मंडलीय जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।